मध्य प्रदेश
09 Jul, 2026

नागदा के मुकेश ने 18 दिन में पूरी की तीन दुर्गम धार्मिक यात्राएं, पेश की साहस की मिसाल

नागदा के मुकेश विश्वकर्मा ने 18 दिनों में बुलाकांडा धाम, कैलाश क्षेत्र और श्रीखंड महादेव की कठिन यात्राएं पूरी कर साहस और आस्था का उदाहरण पेश किया।

नागदा, 9 जुलाई।

उज्जैन जिले के नागदा निवासी मुकेश विश्वकर्मा ने महज 18 दिनों में तीन कठिन धार्मिक और पर्वतीय यात्राएं पूरी कर साहस, आस्था और दृढ़ संकल्प की मिसाल पेश की है। उन्होंने बर्फीले रास्तों, कम ऑक्सीजन और दुर्गम पहाड़ी मार्गों को पार करते हुए बुलाकांडा धाम, कैलाश क्षेत्र और श्रीखंड महादेव की यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की।

मुकेश ने इन यात्राओं के दौरान 18 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्र में तिरंगा भी फहराया। उनकी इस उपलब्धि की नागदा शहर में सराहना की जा रही है।

मुकेश विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत करीब 12,778 फीट ऊंचाई वाले बुलाकांडा धाम से की। इसके बाद उन्होंने लगभग 19,865 फीट ऊंचाई वाले कैलाश क्षेत्र की कठिन यात्रा पूरी की। इसके बाद 18,570 फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध श्रीखंड महादेव यात्रा भी सफलतापूर्वक पूरी की।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान बर्फ से ढके फिसलन भरे रास्तों, संकरे पहाड़ी मार्गों, कम ऑक्सीजन, तेज चढ़ाई और बदलते मौसम जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद भगवान शिव के प्रति विश्वास, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने सभी कठिनाइयों को पार किया।

मुकेश ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुभव नहीं रही, बल्कि इससे आत्मविश्वास, अनुशासन, मानसिक मजबूती और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना भी बढ़ी। उनका मानना है कि कठिन परिस्थितियों में सकारात्मक सोच और मजबूत इच्छाशक्ति से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

नागदा के लोगों ने मुकेश विश्वकर्मा की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। लोगों का कहना है कि उनका साहस और मेहनत बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देता है।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़