मध्य प्रदेश
09 Jul, 2026

अनूपपुर में बारिश से किसानों को राहत, खरीफ बोवनी ने पकड़ी रफ्तार

अनूपपुर जिले में लगातार बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है और खरीफ फसलों की बोवनी में तेजी आई है, हालांकि बारिश अभी सामान्य औसत से कम है।

अनूपपुर, 9 जुलाई।

अनूपपुर जिले में सक्रिय मानसून के चलते हो रही बारिश से किसानों को राहत मिली है। लगातार वर्षा के कारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खरीफ फसलों की बोवनी ने रफ्तार पकड़ ली है। जिला मुख्यालय सहित कोतमा, जैतहरी, भालूमाड़ा, अमरकंटक और राजेंद्रग्राम क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है।

पिछले पांच दिनों से तेज और रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद गुरुवार को भी दिनभर बूंदाबांदी होती रही। तेज बारिश रुकने से नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति में कुछ सुधार आया और लोगों को राहत मिली। वहीं आसमान में बादल छाए रहने से आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद बनी हुई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख विभाग के अधिकारी प्रदीप मोगरे ने बताया कि 1 जुलाई से जिले में लगातार बारिश हो रही है, जो पिछले कुछ वर्षों की तुलना में बेहतर स्थिति है। बारिश से जैतहरी, कोतमा, फुनगा, राजेंद्रग्राम और अमरकंटक क्षेत्रों में खरीफ फसलों की बोवनी में तेजी आई है।

उन्होंने बताया कि खेतों में पर्याप्त नमी बनने से किसानों को बुवाई करने में सुविधा मिल रही है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में अभी भी पर्याप्त वर्षा नहीं होने से किसान सिंचाई पर निर्भर हैं।

पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 10.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसमें अनूपपुर में 1.5 मिमी, कोतमा में 4 मिमी, बिजुरी में 18.3 मिमी, राजेंद्रग्राम में 1.2 मिमी, जैतहरी में 8 मिमी और अमरकंटक में सबसे अधिक 46.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

1 जून से अब तक जिले में कुल 229.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है। इस अवधि में सामान्य औसत बारिश 279 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि में 347.6 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस लिहाज से इस साल बारिश सामान्य औसत और पिछले वर्ष की तुलना में कम बनी हुई है।

कृषि विभाग के अनुसार जिले में खरीफ फसलों की बोवनी का लक्ष्य 1 लाख 85 हजार हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। अभी तक करीब 26 प्रतिशत क्षेत्र में ही बोवनी पूरी हो सकी है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मानसून सक्रिय रहा तो आने वाले दिनों में बोवनी का काम तेजी से पूरा हो सकता है।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़