भोपाल, 30 मई ।
भोपाल पुलिस कमिश्नरेट में लंबे सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त हुए 14 अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में शनिवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय सभागार में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह में पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जिसके बाद दिनचर्या में बड़े बदलाव आते हैं, इसलिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
पुलिस आयुक्त ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सबसे बड़ा धन है और सभी सेवानिवृत्त अधिकारी स्वयं को सक्रिय रखते हुए स्वस्थ एवं सुखमय जीवन व्यतीत करें। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि सेवाकाल के दौरान कोई सपना या योजना अधूरी रह गई हो तो उसे अब पूरा करने का प्रयास करें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि भोपाल पुलिस परिवार हमेशा अपने सेवानिवृत्त साथियों के साथ खड़ा रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर वे किसी भी समय विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव, यादगार घटनाएं और विभाग में बिताए गए महत्वपूर्ण क्षणों को साझा किया। उन्होंने अपने परिजनों के सहयोग और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मंजूलता खत्री, सहायक पुलिस आयुक्त नीता चौबे सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और परिजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कार्यवाहक सूबेदार अशोक कुमार सिंह, कार्यवाहक उप निरीक्षक जोसेफ थॉमस, मल्लू कावले, वीरेंद्र कुमार तिवारी सहित कुल 14 अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए।













