भोपाल, 12 जून।
बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से दूर कर पुस्तकों की दुनिया से जोड़ने के लिए स्वामी विवेकानंद लाइब्रेरी एक अभिनव पहल कर रही है। आगामी 14 जून को लिटिल रीडर्स क्लब का शुभारंभ किया जाएगा, जो विशेष रूप से 4 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए बनाया गया है। इस क्लब के माध्यम से नन्हे सदस्यों में पढ़ने की रुचि और कल्पनाशक्ति को नई दिशा दी जाएगी।
लाइब्रेरी के प्रबंधक यतीश भटेले के अनुसार, इस क्लब को दो आयु समूहों में बांटा गया है। ‘लिटिल बड्स’ (4-8 वर्ष) के लिए कहानी सुनाने और चित्र पुस्तकों से जुड़ी गतिविधियां होंगी, वहीं ‘पेज टर्नर्स’ (9-14 वर्ष) वर्ग के बच्चे पठन-पाठन और रचनात्मक कार्यों में भाग लेंगे। उद्घाटन के दिन शाम 5 बजे से विशेष कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें बच्चे बुक जैकेट डिजाइन और बुक पिच जैसी गतिविधियों के जरिये अपनी पसंदीदा किताबों को अनोखे अंदाज में प्रस्तुत करेंगे।
इस क्लब का संचालन तूलिका श्री एवं अनीर्बन चक्रबर्ती द्वारा किया जाएगा, जो लंबे समय से लाइब्रेरी से जुड़े हैं। अनीर्बन पूर्व में भी कई रचनात्मक कार्यक्रमों का सफल संचालन कर चुके हैं। यह क्लब हर 15 दिनों में नई गतिविधियों के साथ बच्चों में आत्मविश्वास, टीमवर्क और अभिव्यक्ति कौशल को निखारेगा।
क्लब का आयोजन न्यू मार्केट स्थित स्वामी विवेकानंद लाइब्रेरी में शाम 4 बजे से किया जाएगा। पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से शुरू हो रहे इस क्लब के जरिये बच्चों में जिज्ञासा और पुस्तकों के प्रति प्रेम जगाने का प्रयास किया जा रहा है।












