हरिद्वार, 01 जून।
उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार सुबह राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस एक डंपर की टक्कर के बाद सड़क पर पलट गई, जिसमें एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई और 38 लोग घायल हो गए। हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र में सप्तऋषि चौकी के सामने हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के नागौर जिले के श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के बाद तीन बसों के काफिले में अपने गृह जनपद लौट रहे थे। सभी श्रद्धालु भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे। सोमवार सुबह लगभग 7:15 बजे बस धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन के जरिए हाईवे की ओर बढ़ रही थी, तभी सप्तऋषि चौकी के सामने श्रीराम पंजाबी ढाबे के पास देहरादून की दिशा से तेज गति से आ रहे डंपर ने बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बस अनियंत्रित होकर पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर जिला मेला अस्पताल और महिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में कुल 38 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बालिकाएं शामिल हैं, जबकि एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका का शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और अस्पतालों में अन्य श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ जुट गई।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।






.jpg)




