लखीमपुर , 04 जून ।
ईसानगर पुलिस ने चोरी की कई वारदातों में वांछित एक शातिर अपराधी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और 69 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी को ग्राम सिरसी के पास से पकड़ा गया, जिसकी पहचान सुनील यादव के रूप में हुई है, जो लंबे समय से चोरी और सेंधमारी के कई मामलों में फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने और उसे छिपाने वाले दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान मोनिस और हर्षित रस्तोगी के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों पर चोरी का सामान खरीदने और उसे ठिकाने लगाने का आरोप है, जिन्हें भी मौके से बरामद माल के साथ गिरफ्तार किया गया।
मुख्य आरोपी सुनील यादव पर ईसानगर, खमरिया और धौरहरा थानों में चोरी सहित कुल नौ गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि उस पर वर्ष 2024 में अपहरण, बलात्कार और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के मामले भी दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है, वहीं पूरे मामले में आगे की जांच जारी है।







.jpg)


