राजनीति
01 Jun, 2026

बंगाल में मंत्रिमंडल विस्तार: 35 मंत्रियों ने ली शपथ, सरकार में 41 सदस्य

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार करते हुए 35 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, जिससे मंत्रिपरिषद की संख्या बढ़कर 41 हो गई और क्षेत्रीय संतुलन को प्राथमिकता दी गई।

कोलकाता, 01 जून।

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार सोमवार को आयोजित किया गया, जिसमें कुल 35 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। यह शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन में राज्यपाल आर.एन. रवि की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जहां सभी मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

इस विस्तार में 13 विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया, तीन नेताओं को स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई तथा 19 विधायकों को राज्य मंत्री के रूप में शामिल किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्रिपरिषद की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रीय गान के साथ की गई।

कैबिनेट मंत्री के रूप में जिन 13 नेताओं को शामिल किया गया उनमें दीपक बर्मन, तापस राय, डॉ. शंकर घोष, मनोज कुमार उरांव, अर्जुन सिंह, गौरी शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, कल्याण चक्रवर्ती, अजय पोद्दार, शारद्वत मुखर्जी, दुध कुमार मंडल और अनुप कुमार दास शामिल हैं।

स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों में डॉ. इंद्रनील खान, मालती रावा राय और राजेश महतो को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि राज्य मंत्री पद की शपथ लेने वालों में जुएल मुर्मू, हरे कृष्ण बेरा, आनंदमय बर्मन, अशोक डिंडा, नदियार चांद बाउड़ी, विशाल लामा, शांतनु प्रमाणिक, मौमिता विश्वास मिश्रा, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, कौशिक चौधरी, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, अमिया किस्कू, कलिता माझी, गर्गी दास घोष, विराज विश्वास, दीपंकर जाना और सुमना सरकार शामिल हैं।

समारोह में अधिकांश मंत्री पारंपरिक बंगाली परिधान धोती और कुर्ता में नजर आए और कई अपने परिजनों के साथ पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और मंत्री अग्निमित्रा पाल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। मंत्रिमंडल गठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी गई है, जिसमें उत्तर बंगाल के विधायकों को विशेष प्रतिनिधित्व मिला है। विभागों के आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी किए जाने की संभावना है, जिसके बाद सभी मंत्री नवान्न में होने वाली बैठक में शामिल हुए।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़