नई दिल्ली, 01 जून।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को नई दिशा देने और भविष्य में साझेदारी के विस्तार के अवसर तलाशने को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई।
नई दिल्ली में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रियों के संवाद की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने की, जिसमें मौजूदा रक्षा सहयोग की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे और मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया सरकार द्वारा हाल ही में जारी 2026 की ‘राष्ट्रीय रक्षा रणनीति’ और ‘एकीकृत निवेश कार्यक्रम’ की सराहना करते हुए कहा कि भारत इस नीति दस्तावेज और द्विपक्षीय रक्षा संबंधों के भविष्य को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण रखता है।
दोनों देशों ने अपने व्यापक रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करते हुए नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर तीनों सेनाओं द्वारा ऑस्ट्रेलियाई उप प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
यह संवाद अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया में हुए पहले रक्षा मंत्रियों के संवाद के बाद आयोजित किया गया, जो भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी की बढ़ती गति और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में दोनों देशों की साझा भूमिका को दर्शाता है।











