नई दिल्ली, 02 जून।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने से भेंट की। यह बैठक भाजपा की 'भाजपा को जानें' पहल के तहत आयोजित की गई, जिसमें दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग और राजनीतिक समझ को और मजबूत करने पर विचार विमर्श किया।
मुलाकात में दोनों नेताओं ने पार्टी-स्तर पर संबंधों को सुदृढ़ करने, संगठनात्मक अनुभव साझा करने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान के अवसरों पर चर्चा की। इससे नेपाल और भारत के बीच राजनीतिक संवाद और रणनीतिक साझेदारी को नए आयाम देने की उम्मीद जताई गई।
सूत्रों के अनुसार, रवि लामिछाने पांच दिवसीय भारत यात्रा पर आए हैं, जिसमें उनके साथ नेपाली संसद के कई अन्य नेता और प्रतिनिधि भी मौजूद हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भाजपा और आरएसपी के बीच राजनीतिक और संगठनात्मक समझ को बढ़ावा देना है।
'भाजपा को जानें' पहल के माध्यम से विदेशी राजनीतिक दलों और प्रतिनिधियों को भाजपा के इतिहास, विचारधारा, संगठनात्मक ढांचा और जन-केंद्रित कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाता है, ताकि द्विपक्षीय राजनीतिक और संगठनात्मक संबंध मजबूत हो सकें।











