कानपुर, 01 जून।
उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर के अंदर संचालक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह कोचिंग पहुंचे छात्रों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू कर दी है और घटना को संदिग्ध मानते हुए कई पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
मृतक की पहचान यशोदा नगर निवासी प्रकाश चंद्र गुप्ता (47) के रूप में हुई है, जो विष्णुपुरी क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर का संचालन करते थे। वे पिछले लगभग दस वर्षों से एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान की फ्रेंचाइजी चला रहे थे। रविवार शाम उन्होंने परिजनों को फोन कर बताया था कि आईपीएल फाइनल देखने के बाद वे कोचिंग सेंटर में ही रुकेंगे, जिसके बाद वे घर नहीं लौटे।
सोमवार सुबह जब छात्र कोचिंग पहुंचे तो अंदर संचालक का शव खून से सना हुआ पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112, नवाबगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच करते हुए साक्ष्य एकत्र किए।
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार शुरुआती जांच में मृतक की एक आंख के ऊपर चोट का निशान मिला है और मुंह से खून निकलने के संकेत भी मिले हैं। मृतक मधुमेह से पीड़ित थे और शराब के आदी बताए जा रहे हैं। उनके पास से पर्स, घड़ी और लगभग 15 हजार रुपये नकद भी मिले हैं, जिससे फिलहाल लूट की संभावना कम मानी जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए एसीपी कर्नलगंज चित्रांशु गौतम के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है, जो सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी हैं।











