काठमांडू, 02 जून।
नेपाल की राजधानी काठमांडू के अपराध अनुसंधान कार्यालय की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर एक होटल में छापेमारी कर 15 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। ये सभी व्यक्ति नेपाल में पर्यटक वीजा पर थे, लेकिन उनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बताया कि गिरफ्तार सभी बांग्लादेशी नागरिक महिलाओं के नाम और पहचान का इस्तेमाल करके फर्जी फेसबुक अकाउंट संचालित कर रहे थे। इन खातों के माध्यम से वे बांग्लादेश और भारत के नागरिकों से संपर्क कर ठगी और अन्य संभावित अवैध गतिविधियों में शामिल थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न डिजिटल उपकरण और अन्य संबंधित सामग्री भी बरामद की। गिरफ्तार व्यक्तियों को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए नेपाल अध्यागमन विभाग को सौंपा गया है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और उनकी गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।













