सारण, 01 जून।
छपरा जंक्शन परिसर स्थित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की सारण इकाई द्वारा मासिक संगीत संध्या का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर के गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
शाम को कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तर बिहार के प्रांत कार्यवाह अभय कुमार गर्ग, संस्कार भारती के महामंत्री सुरभित दत्त और प्रांतीय लोक कला विभाग के सदस्य राजेश चंद्र मिश्र एवं राहुल मेहता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने संगीत, गीत और नृत्य को हमारी सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए संस्था की इस दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की।
संस्कार भारती की परंपरा के अनुसार ध्येय गीत का प्रस्तुतिकरण मंजू कुमारी और राजेश चंद्र मिश्र ने किया। इसके बाद रामधुन की प्रस्तुति विवेक समदर्शी और विश्वनेक समदर्शी की टीम ने दी, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उदय नारायण सिंह, मनोज बिहारी, सुधाकर कश्यप, राजकिशोर, शुभम सत्यम और अशोक पांडे ने शास्त्रीय और लोक गायन की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं, जिनसे श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए। मंच का संचालन भंवर किशोर ने किया।
कार्यक्रम का समापन संयोजक धनंजय कुमार के धन्यवाद ज्ञापन और सभी उपस्थितों के सामूहिक वंदे मातरम् के गायन के साथ किया गया। यह मासिक संगीत संध्या कला और संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान साबित हुई।











