खड़गपुर, 01 जून ।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर से सोमवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ कांसाई नदी में स्नान करने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा एनीकेत बांध के समीप घटित हुआ। मृतकों की पहचान निखिल चारी (16), जेनिथ चारी (17) और कैलेब दिबांग (16) के रूप में की गई है। तीनों किशोर खड़गपुर के वार्ड संख्या 28 स्थित माझीपाड़ा इलाके के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छह दोस्तों का एक समूह सुबह घूमने के लिए निकला था। इस दौरान तीन किशोर नदी के किनारे पहुंचे और स्नान करने के उद्देश्य से पानी में उतर गए। उनके साथ मौजूद अन्य साथियों ने उन्हें चेतावनी दी थी और नदी में न उतरने की सलाह भी दी थी, लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। नदी में उतरते ही वे अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और गहरे पानी में समा गए।
साथियों का शोर सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुँचे और नाव की सहायता से खोजबीन शुरू की, परंतु नदी की अधिक गहराई और बहाव के कारण उन्हें तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका। सूचना मिलते ही खड़गपुर थाने की पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर पहुँचा। काफी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों को बाहर निकालकर खड़गपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद से माझीपाड़ा इलाके में मातम पसर गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट है कि तेज बहाव के कारण यह हादसा हुआ, लेकिन पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।








.jpg)






