नई दिल्ली, 01 जून ।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2026 में बिहार के शुभम कुमार ने देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया है। घोषित परिणाम में उन्होंने 360 में से 330 अंक हासिल करते हुए कॉमन रैंक लिस्ट में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की। इस उपलब्धि पर राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें बधाई दी है।
सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शुभम कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और प्रतिभा ने लाखों युवाओं को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और राज्य का गौरव बढ़ाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि शुभम की यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी और वे आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छुएंगे।
इसी क्रम में बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी शुभम कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गयाजी के रहने वाले शुभम ने ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर न केवल अपने परिवार और राज्य का मान बढ़ाया है, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा भी बने हैं।
संजय सरावगी ने कहा कि शुभम की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है, जिसने लाखों छात्रों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण में योगदान की कामना भी की।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित जेईई एडवांस्ड 2026 की परीक्षा 17 मई को हुई थी, जिसमें कुल 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 56,880 उम्मीदवार सफल रहे, जिनमें 10,107 छात्राएं भी शामिल हैं।










