नई दिल्ली, 03 जून ।
कांग्रेस के संगठन महासचिव और लोक लेखा समिति के अध्यक्ष केसी वेणुगोपाल ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर कुवैत हवाईअड्डे पर हाल ही में हुए हमलों के बाद वहां फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हमलों के बाद बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक हवाईअड्डे और उसके आसपास के क्षेत्रों में फंसे हुए हैं, जिससे उनमें भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने विदेश मंत्रालय से आग्रह किया है कि संकट की इस स्थिति में त्वरित और युद्धस्तर पर राहत और प्रबंधन के उपाय शुरू किए जाएं। साथ ही उन्होंने भारतीय दूतावास को निर्देश देने की मांग की है कि सभी प्रभावित भारतीय नागरिकों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए।
वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि कुवैत प्रशासन और हवाईअड्डा प्राधिकरण के साथ समन्वय कर प्रभावित लोगों के लिए भोजन और चिकित्सा सहायता की तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सभी एयरलाइनों को निर्देश दिया जाए कि प्रभावित यात्रियों की यात्रा पुनर्निर्धारण प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क हो।
उन्होंने यात्रियों की सहायता के लिए चौबीसों घंटे चलने वाली टोल-फ्री आपातकालीन हेल्पलाइन स्थापित करने की भी मांग की है, ताकि वहां फंसे लोगों को समय पर जानकारी और सहायता मिल सके। इसके साथ ही जिन यात्रियों के दस्तावेज खो गए हैं, उनके लिए आपातकालीन प्रमाण पत्र जारी करने की भी बात कही गई है, जिससे उनकी भारत वापसी आसान हो सके।
उल्लेखनीय है कि कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-एक को ड्रोन और मिसाइल हमलों से निशाना बनाया गया, जिसमें कई लोग घायल हुए और इमारत को गंभीर क्षति पहुंची, जबकि एक व्यक्ति की मौत की सूचना भी सामने आई है।
घटना के बाद सभी उड़ानों का संचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है और पब्लिक अथॉरिटी फॉर सिविल एविएशन ने आपातकालीन योजना को सक्रिय कर दिया है। सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल लागू किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार हमले के बाद हवाई यातायात पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है और कई उड़ानों को अन्य हवाईअड्डों की ओर मोड़ा गया है, जबकि नुकसान का आकलन जारी है।











