मध्य-पूर्व
02 Jun, 2026

युद्धविराम की कोशिशों के बीच दक्षिणी लेबनान में इजराइल के हमले जारी

दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमलों और हिजबुल्लाह के साथ जारी तनाव के बीच संघर्षविराम को मजबूत करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हो गए हैं।

बेरूत, 02 जून ।

दक्षिणी लेबनान में इजराइल ने मंगलवार को भी अपने सैन्य अभियान को जारी रखा। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका की पहल के बाद बेरूत पर संभावित हमले को टालने की बात कही गई थी। लेबनानी प्रशासन का कहना है कि इजराइल ने राजधानी के दक्षिणी उपनगरों पर प्रस्तावित हमले को फिलहाल रोक दिया है और हिजबुल्लाह ने भी इजराइल के खिलाफ हमले रोकने पर सहमति जताई है।

इसके बावजूद दक्षिणी लेबनान में सैन्य कार्रवाई थमी नहीं है। इजराइली हवाई हमलों और तोपखाने की गोलाबारी कई कस्बों तक पहुंची। नबातियेह शहर में संभावित हमलों से पहले लोगों को क्षेत्र खाली करने की चेतावनी भी जारी की गई। दूसरी ओर हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली बलों के खिलाफ दो अभियानों की जानकारी दी, हालांकि सीमा पार रॉकेट हमलों की कोई सूचना नहीं दी गई।

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि यदि उत्तरी इजराइल के समुदायों पर हमले जारी रहे तो बेरूत के दक्षिणी उपनगरों को निशाना बनाया जा सकता है। इस चेतावनी ने लेबनान में चिंता और बढ़ा दी है। बेरूत के कई निवासी अब भी अनिश्चितता के माहौल में रह रहे हैं।

लेबनान सरकार ने संकेत दिए हैं कि वह वाशिंगटन में होने वाली वार्ता के दौरान संघर्षविराम के दायरे को और व्यापक बनाने की कोशिश करेगी। इस बीच ईरान ने भी किसी व्यापक समझौते के लिए लेबनान में युद्धविराम को आवश्यक बताया है। ईरानी नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि लेबनान पर हमले जारी रहने की स्थिति में क्षेत्रीय तनाव और बढ़ सकता है।

युद्ध के कारण अब तक लेबनान में बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं। राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाकों से भी हजारों परिवारों को बार-बार अपना घर छोड़ना पड़ा है। कई नागरिकों का कहना है कि वे लौटने के कुछ ही समय बाद फिर से विस्थापन की स्थिति का सामना कर रहे हैं।

लेबनानी अधिकारियों के अनुसार वाशिंगटन वार्ता का उद्देश्य ऐसे व्यावहारिक और स्थायी उपायों पर सहमति बनाना है, जिनसे संघर्षविराम को मजबूती मिल सके। प्रस्तावित योजना के तहत कुछ क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से शत्रुता समाप्त करने, इजराइली सैनिकों की वापसी और लेबनानी सेना की तैनाती पर विचार किया जा रहा है।

लेबनान का नेतृत्व हिजबुल्लाह के निरस्त्रीकरण को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने की वकालत कर रहा है, हालांकि संगठन ने अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक रुख सार्वजनिक नहीं किया है। हिजबुल्लाह ने कहा है कि वह आने वाले दिनों में सैन्य और कूटनीतिक दोनों स्तरों पर होने वाले घटनाक्रम पर नजर रखेगा।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मार्च से अब तक इजराइली हमलों में 3,400 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं इजराइल का कहना है कि इसी अवधि में हिजबुल्लाह के हमलों में उसके 26 सैनिक और चार नागरिक मारे गए हैं।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। यात्रा शुभ रहेगी। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-3-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़