कोलकाता, 03 जून ।
मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए महिलाओं से संपर्क कर शादी का झांसा देने और उनसे रुपये व कीमती सामान हासिल करने के आरोप में कोलकाता पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित ने इसी तरीके से कई महिलाओं को अपने जाल में फंसाया और कथित रूप से 15 महिलाओं से विवाह किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान मध्य कोलकाता के बउबाजार निवासी मतीउर रहमान के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर खुद को "माणिक रॉय" नाम से पंजीकृत करता था और इसी पहचान के जरिए महिलाओं से संपर्क स्थापित करता था।
जांच में सामने आया है कि उसकी पहचान उत्तर 24 परगना जिले की नैहाटी निवासी एक युवती से हुई थी। आरोप है कि उसने स्वयं को उच्च आय वाला पेशेवर बताकर युवती और उसके परिवार का विश्वास जीता। बाद में विभिन्न कारण बताकर उसने धनराशि और सोने के आभूषणों की मांग शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने आरोपित को 85 हजार रुपये नकद, एक सोने का ब्रेसलेट और अन्य कीमती सामान दिया था। शुरुआती दौर में उसे किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ, लेकिन बाद में लगातार पैसों की मांग किए जाने पर शंका गहराने लगी।
बताया गया है कि आरोपित ने एक रिश्तेदार के निधन का हवाला देकर फिर धनराशि मांगी और एक बैंक खाते में पैसे जमा कराने के लिए कहा। इसी दौरान युवती को कुछ ऐसी जानकारियां मिलीं, जिनसे आरोपित की वास्तविक पहचान और पते को लेकर संदेह पैदा हुआ।
इसके बाद युवती ने उसके सोशल मीडिया खातों की पड़ताल की। जांच के दौरान उसे कई अन्य महिलाओं के बारे में जानकारी मिली। संपर्क करने पर कथित तौर पर यह बात सामने आई कि आरोपित सभी महिलाओं के साथ एक जैसा व्यवहार करता था और उनसे आर्थिक लाभ लेने का प्रयास करता था। कुछ महिलाओं ने उससे विवाह करने का भी दावा किया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस कथित धोखाधड़ी का दायरा कितना बड़ा है और कितनी महिलाएं इससे प्रभावित हुई हैं।












