टॉप न्यूज़
03 Jun, 2026

भारत पहुंचीं वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति, मोदी से होगी अहम वार्ता

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज पांच दिवसीय भारत दौरे पर हैं, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा होगी।

नई दिल्ली, 03 जून ।

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज पांच दिवसीय भारत यात्रा पर पहुंची हैं। उनका यह दौरा 3 जून से 7 जून तक निर्धारित है। यात्रा के दौरान वह गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार इस उच्चस्तरीय यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाना तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देना है। माना जा रहा है कि वार्ता के दौरान ऊर्जा, व्यापार, निवेश, विनिर्माण, स्वास्थ्य सेवा और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यह यात्रा भारत और वेनेजुएला के बीच विकसित हो रहे सहयोगात्मक संबंधों को और सुदृढ़ करेगी। दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार डेल्सी रोड्रिग्ज को पहले एक अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आना था, लेकिन कार्यक्रम के स्थगित होने के बाद उनकी यात्रा को आधिकारिक कार्ययात्रा के रूप में निर्धारित किया गया।

कार्यवाहक राष्ट्रपति के साथ विदेश मामलों, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संचार एवं सूचना तथा परिवहन मंत्रालयों से जुड़े प्रतिनिधियों का एक उच्चस्तरीय दल भी भारत आया है। डेल्सी रोड्रिग्ज इससे पहले भी विदेश मंत्री और उपराष्ट्रपति के रूप में कई बार भारत का दौरा कर चुकी हैं। यह उनकी छठी भारत यात्रा है।

यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा सुरक्षा, निवेश, दवा उद्योग, स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल भारत के औद्योगिक और तकनीकी विकास से जुड़े विभिन्न प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेगा।

भारत और वेनेजुएला के बीच लंबे समय से सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। विशेष रूप से ऊर्जा क्षेत्र, व्यापारिक सहयोग और वैश्विक दक्षिण से जुड़े मुद्दों पर दोनों देशों के बीच निरंतर संवाद और साझेदारी देखने को मिलती रही है।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़