तेहरान, 03 जून ।
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और इसके 21 जून के आसपास आयोजित होने की संभावना जताई जा रही है। उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार उन्हें मशहद शहर में शिया इस्लाम के पवित्र इमाम रजा दरगाह परिसर के पास दफनाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की योजना के तहत मुख्य अंतिम संस्कार समारोह तेहरान में आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद पार्थिव शरीर को धार्मिक शहर कुम और फिर मशहद ले जाया जाएगा। पूरी यात्रा के दौरान तीन दिन का सार्वजनिक दर्शन कार्यक्रम भी रखा जाएगा।
अधिकारियों का अनुमान है कि इस आयोजन में लगभग दो करोड़ लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिससे यह आयोजन बेहद विशाल और संवेदनशील बन गया है। वर्ष 1989 में ईरान के संस्थापक अयातुल्ला रुहोल्लाह खोमैनी के अंतिम संस्कार में लगभग एक करोड़ लोग शामिल हुए थे, जिसे विश्व के सबसे बड़े जनसमूहों में से एक माना जाता है।
इस बार उससे भी अधिक भीड़ जुटने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। पूरे आयोजन की जिम्मेदारी सुरक्षा बलों को सौंपी गई है और इसे अत्यंत संवेदनशील कार्यक्रम के रूप में देखा जा रहा है।










