मध्य प्रदेश
04 Jun, 2026

भोपाल मेट्रो में बढ़ेगी सवारी, पर्यटन से जुड़ेगा सफर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल और इंदौर मेट्रो परियोजनाओं के शेष कार्य समयसीमा में पूरा करने तथा यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए पर्यटन विभाग का सहयोग लेने के निर्देश दिए हैं।

भोपाल, 4 जून।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल और इंदौर मेट्रो रेल परियोजनाओं के आगामी चरणों के कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों और कामकाजी लोगों के लिए मेट्रो रेल एक महत्वपूर्ण परिवहन व्यवस्था है। दोनों शहरों में मेट्रो यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए पर्यटन विभाग का सहयोग लिया जाए। उन्होंने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मेट्रो परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि भोपाल और इंदौर मेट्रो परियोजनाओं के कुल कार्यों में लगभग दो-तिहाई प्रगति हासिल की जा चुकी है। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल और इंदौर तेजी से मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। धार्मिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों, पुरातात्विक धरोहरों, टाइगर रिजर्व और अभयारण्यों के भ्रमण को मेट्रो से जोड़ने के प्रयास किए जाएं। विद्यार्थियों की अध्ययन यात्राओं में भी मेट्रो परियोजना को शामिल करने पर जोर दिया गया। इस दिशा में पर्यटन विभाग और मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

बैठक में जानकारी दी गई कि भोपाल मेट्रो के प्रथम चरण में सुभाष नगर से एम्स तक 7.1 किलोमीटर लंबे मार्ग पर दिसंबर 2025 से संचालन शुरू हो चुका है। इस खंड में आठ एलिवेटेड स्टेशन बनाए गए हैं। सुभाष नगर से करोंद चौराहा तक के दूसरे चरण और भदभदा चौराहा से रत्नागिरी चौराहे तक के तीसरे चरण का कार्य प्रगति पर है, जिन्हें आगामी वर्षों में पूरा किया जाना प्रस्तावित है।

इंदौर मेट्रो परियोजना में गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक का पहला खंड पहले ही शुरू हो चुका है। सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर चौराहे तक का कार्य लगभग पूरा हो गया है। खजराना चौराहा, एयरपोर्ट और गांधी नगर को जोड़ने वाले अन्य चरणों का निर्माण कार्य जून 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

|
आज का राशिफल

मेष- कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। जमीन जायदाद का लाभ भी हो सकता है। श्रम साध्य कार्यों में सफल होंगे। भय तथा शत्रुहानि की आशंका रहेगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़