भोपाल, 4 जून।
राज्य शिक्षा केंद्र के अंतर्गत आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित एक वर्षीय सेवाकालीन प्रशिक्षण ‘पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन टीचिंग इंग्लिश’ पाठ्यक्रम का नया सत्र 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पात्र एवं इच्छुक शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 तक जारी रहेगी।
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों तथा जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्तों को पात्र शिक्षकों के आवेदन निर्धारित समयसीमा में प्राप्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों को अंग्रेजी भाषा शिक्षण की आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और भाषा संबंधी विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले शिक्षकों का उपयोग विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी शिक्षण के साथ-साथ शिक्षक प्रशिक्षण, पाठ्यपुस्तक लेखन और शैक्षणिक सामग्री निर्माण जैसे कार्यों में भी किया जाएगा।
पाठ्यक्रम के लिए प्रदेश के शासकीय माध्यमिक, उच्च माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत व्याख्याता, उच्च श्रेणी शिक्षक तथा माध्यमिक शिक्षक आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थी के पास अंग्रेजी विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर उपाधि होना आवश्यक है।
इसके साथ ही आवेदक की आयु 1 जुलाई 2026 को 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए तथा अंग्रेजी अध्यापन का कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य रखा गया है। पात्र शिक्षक निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन कर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।






.jpg)


