भोपाल, 4 जून।
मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी प्रोग्राम 3.0 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसका उद्देश्य इंजीनियरिंग एवं सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को डिजिटल गवर्नेंस और आईटी परियोजनाओं से जोड़ना है। इस कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 जून से शुरू होकर 16 जून 2026 तक जारी रहेगी।
जारी जानकारी के अनुसार आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 9 जून से 17 जून तक उपलब्ध रहेगी। इस कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन परीक्षा 1 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि प्रवेश पत्र 25 जून से डाउनलोड किए जा सकेंगे। परीक्षा में इंजीनियरिंग की विभिन्न शाखाओं सहित कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी और समकक्ष विषयों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत विद्यार्थी भी पात्र होंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रश्न पत्र हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। परीक्षा में जावा, नेट, पीएचपी, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, क्वालिटी एश्योरेंस तथा उभरती तकनीकों से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे।
उभरती तकनीकों के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, क्वांटम कंप्यूटिंग, चैटबॉट, वर्चुअल रियलिटी और बिग डेटा एनालिटिक्स जैसे विषयों को शामिल किया गया है। परीक्षा में न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को योग्य माना जाएगा और मेरिट के आधार पर शीर्ष 150 का चयन किया जाएगा, जबकि 50 अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची बनाई जाएगी।
परीक्षा शुल्क 800 रुपये निर्धारित किया गया है तथा परीक्षा केंद्र भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, सागर, उज्जैन और सतना में बनाए जाएंगे। परीक्षा के बाद प्रश्नों और उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने का अवसर भी 7 से 9 जुलाई तक दिया जाएगा।






.jpg)


