भोपाल, 4 जून।
मध्यप्रदेश पुलिस की प्रशिक्षण परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पुलिस प्रशिक्षण शाला उज्जैन में नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण के पांचवें सत्र का दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर 206 नव आरक्षकों ने 313 दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर पुलिस सेवा में प्रवेश किया।
विशेष पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण रवि कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रदेश की विभिन्न प्रशिक्षण इकाइयों में नव आरक्षकों को आधुनिक, व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में उज्जैन पीटीएस का प्रशिक्षण कार्यक्रम दीक्षांत परेड के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन राकेश गुप्ता ने परेड की सलामी लेकर नव आरक्षकों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नव आरक्षक मध्यप्रदेश पुलिस की परंपरा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस वर्दी का वास्तविक सम्मान जनता के विश्वास से प्राप्त होता है और संवेदनशील व्यवहार ही पुलिस की पहचान है।
पुलिस अधीक्षक पीटीएस मनीषा पाठक सोनी ने बताया कि प्रशिक्षण 313 दिनों तक चला, जिसमें दो सेमेस्टर के अंतर्गत 12 विषयों की लिखित परीक्षाएं, आउटडोर गतिविधियां, व्यावहारिक प्रशिक्षण, फायरिंग अभ्यास और तकनीक आधारित पुलिसिंग शामिल रही। इस दौरान साइबर वॉरियर योजना के तहत 61 नव आरक्षकों का चयन भी किया गया।
समारोह में प्रशिक्षण उपलब्धियों को संजोए वार्षिक स्मारिका ‘साहस’ का विमोचन किया गया तथा नव आरक्षकों को संविधान एवं पुलिस आचरण संहिता की शपथ दिलाई गई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया, जिसमें आरक्षक आदित्य उपाध्याय को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा विक्रम दाहिया और राहुल को विभिन्न श्रेणियों में द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों और प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।







.jpg)


