नोएडा, 05 जून।
विधवा पेंशन दिलाने के नाम पर एक असहाय महिला को ठगने वाले जालसाज को सूरजपुर पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपित ने महिला से रुपये तो ऐंठ लिए, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी उसे कोई लाभ नहीं मिला। जिलाधिकारी द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन के बाद मामले का खुलासा हुआ और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
कुलेसरा गांव निवासी गीता देवी ने सूरजपुर थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात सुमन नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। उसने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उन्हें सरकारी विधवा पेंशन दिला देगा। इस काम के एवज में उसने महिला से 2,000 रुपये ले लिए। लंबे समय तक भटकने के बाद भी जब पेंशन नहीं मिली, तो पीड़िता ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम से भेंट कर आपबीती सुनाई।
जिलाधिकारी ने मामले की सत्यता परखने के लिए स्वयं एक लाभार्थी बनकर आरोपित को फोन किया। बातचीत के दौरान जालसाज ने दोबारा रुपये लेकर काम कराने का झांसा दिया, जिससे उसकी पोल खुल गई। इसके बाद पीड़िता ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना सूरजपुर पुलिस ने आज सुबह आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके विरुद्ध धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है और उसे आज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।










