कोलकाता, 05 जून।
पश्चिम बंगाल के भांगर विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक शौकत मोल्ला को फरार घोषित कर दिया है।
एजेंसी के अनुसार लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और आरोपित का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक के भूमिगत होने की आशंका जताई जा रही है तथा उनके द्वारा उपयोग किए जा रहे सभी मोबाइल फोन बंद पाए गए हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया है।
एनआईए ने इस मामले से जुड़ी सभी सूचनाएं सीमा सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियों के साथ साझा कर दी हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आरोपी किसी भी स्थिति में सीमा पार न कर सके।
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी को यह भी जानकारी मिली है कि वह अपने किसी रिश्तेदार के घर छिपे हो सकते हैं, जिसके आधार पर कई टीमें लगातार तलाशी और सत्यापन अभियान चला रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले एनआईए ने उनके आवास, पार्टी कार्यालय और अन्य स्थानों पर छापेमारी की थी, जिसमें एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या तीन हो गई है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सईनुर मोल्ला के रूप में हुई है, जो उस वाहन का चालक बताया गया है जिसका उपयोग कथित रूप से विस्फोटक सामग्री ले जाने में किया गया था।
एनआईए के अनुसार दक्षिण 24 परगना जिले के दक्षिण बामुनिया गांव में हुए देसी बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
जांच के दौरान मदरसा, आसपास के क्षेत्रों और जंगलों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है।
सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि आरोपी बांग्लादेश भाग गया है, इसी कारण बीएसएफ के साथ भी सूचना साझा की गई है।








.jpg)






