भोपाल, 05 जून।
भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए वेस्ट सेंट्रल रेलवे के एक आला अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सागर में पदस्थ डिप्टी चीफ इंजीनियर-II (निर्माण) को रिश्वतखोरी के आरोप में धर दबोचा गया। अधिकारी ने एक ठेकेदार से करीब एक करोड़ रुपये की राशि से जुड़े सिक्योरिटी डिपॉजिट, लंबित बिलों और पीवीजी ड्यूज के भुगतान की एवज में एक लाख रुपये की अवैध मांग की थी।
शिकायतकर्ता से मिली गुप्त सूचना के आधार पर सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने घूस की रकम स्वीकार की, जांच एजेंसी ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के गेस्ट हाउस स्थित आवास पर भी दबिश दी गई, जहां से 62 हजार रुपये नकद और रियल एस्टेट में भारी निवेश से संबंधित अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। सीबीआई ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसे पेश करने के लिए जबलपुर की विशेष अदालत में ले जाया जा रहा है। रेलवे विभाग में इतने बड़े पद पर बैठे अधिकारी के इस तरह रिश्वत लेते पकड़े जाने से महकमे में हड़कंप मच गया है।















