अगरतला, 05 जून।
त्रिपुरा की ऐतिहासिक धरोहर पुष्पबंत पैलेस में शुक्रवार को एक नए अध्याय की शुरुआत हुई, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘ताज पुष्पबंत पैलेस’ पांच सितारा हेरिटेज होटल परियोजना की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रोफेसर माणिक साहा, तिपरा मोथा के संस्थापक एवं राजपरिवार के उत्तराधिकारी प्रद्योत किशोर देबबर्मन, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और भूमि पूजन के साथ की गई, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रद्योत किशोर देबबर्मन ने पारंपरिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
राजप्रासाद परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा, जहां परंपरा और आधुनिक विकास का संगम देखने को मिला।
पुष्पबंत पैलेस त्रिपुरा के इतिहास और संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जिसका निर्माण वर्ष 1917 में तत्कालीन महाराजा बीरेंद्र किशोर माणिक्य देबबर्मन ने कराया था।
यह भवन अपनी भव्य वास्तुकला के साथ-साथ रवीन्द्रनाथ ठाकुर की स्मृतियों से भी जुड़ा हुआ है, जो यहां कई बार अतिथि के रूप में आए थे।
त्रिपुरा के भारत में विलय के बाद यह भवन लंबे समय तक राजभवन के रूप में उपयोग किया गया और वर्ष 2018 में इसे संग्रहालय एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया।
अब राज्य सरकार और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के बीच हुए समझौते के तहत इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के पांच सितारा हेरिटेज होटल में परिवर्तित किया जाएगा।
माना जा रहा है कि इस परियोजना से पूर्वोत्तर भारत के पर्यटन मानचित्र पर त्रिपुरा की पहचान और अधिक मजबूत होगी तथा राज्य में पर्यटन को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार यह परियोजना केवल एक होटल विकास नहीं, बल्कि त्रिपुरा की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








.jpg)






