नई दिल्ली, 05 जून।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने अपने पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल पर हो रहे साइबर हमलों के संबंध में दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस यूनिट में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
बोर्ड के अनुसार यह पोर्टल देशभर के लाखों छात्रों के परीक्षा परिणामों और उनसे जुड़ी सेवाओं के लिए उपयोग किया जाता है, ऐसे में किसी भी प्रकार की बाधा से छात्रों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और व्यापक असुविधा उत्पन्न हो सकती है।
सीबीएसई ने बताया कि 2 जून को 12वीं बोर्ड परीक्षा से जुड़ी उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन जैसी सेवाओं के लिए शुरू किए गए इस पोर्टल पर पिछले तीन दिनों से लगातार समन्वित साइबर हमले किए जा रहे हैं।
इन हमलों में देश और विदेश के कई आईपी पते से बड़ी मात्रा में दुर्भावनापूर्ण ट्रैफिक भेजा गया, जिससे सिस्टम को अस्थिर करने और वैध उपयोगकर्ताओं की पहुंच बाधित करने का प्रयास किया गया।
बोर्ड ने आशंका जताई है कि इन प्रयासों का उद्देश्य प्लेटफॉर्म को प्रभावित करना और अनधिकृत तरीके से जानकारी हासिल करना हो सकता है।
सीबीएसई ने पुलिस से इन घटनाओं की प्रकृति और व्यापकता को देखते हुए विस्तृत जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन हमलों के बावजूद उसके सिस्टम और डेटाबेस पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी प्रकार का डेटा उल्लंघन या अनधिकृत पहुंच नहीं हुई है।
साथ ही सीबीएसई ने बताया कि आईआईटी कानपुर, आईआईटी मद्रास, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन, आई4सी, सर्ट-इन और अन्य साइबर सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से 24 घंटे निगरानी कर इन हमलों को नियंत्रित किया गया।








.jpg)






