नई दिल्ली, 05 जून ।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों ने शुक्रवार को देशभर में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान पांच लाख से अधिक पौधे लगाए गए। मंत्रालय ने वर्ष 2026 के दौरान सात करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
यह अभियान वर्ष 2020 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में शुरू किए गए वृक्षारोपण कार्यक्रम का हिस्सा है। मंत्रालय के अनुसार अभियान की शुरुआत से अब तक देशभर में 6.67 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जो हरित आवरण बढ़ाने की दिशा में लगातार जारी प्रयासों को दर्शाता है।
गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि सात करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य इसी वर्ष पूरा करने की योजना बनाई गई है। इस अभियान के क्रियान्वयन में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों ने वर्ष 2026 में 40 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही वर्ष 2027 में इस अभियान को और विस्तार देते हुए दो करोड़ पौधे लगाने की योजना बनाई गई है।
अधिकारियों ने जुलाई 2024 में इंदौर स्थित सीमा सुरक्षा बल की रेवती रेंज में आयोजित विशेष पौधारोपण अभियान का भी उल्लेख किया। इस अभियान के दौरान एक ही दिन में 12 लाख 41 हजार 17 पौधे लगाए गए थे, जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी स्थान मिला था।
मंत्रालय का कहना है कि ऐसे अभियान पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने, जैव विविधता को सशक्त बनाने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, इन प्रयासों से सुरक्षा बलों के जवानों और स्थानीय समुदायों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।








.jpg)






