दमन, 5 जून ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को दमन में 2,970 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वैश्विक संकटों के बीच भी भारत 7.7 प्रतिशत की विकास दर के साथ अपनी आर्थिक मजबूती को दर्शा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025-26 में दर्ज की गई वृद्धि दर और हालिया तिमाही में 7.8 प्रतिशत का प्रदर्शन यह साबित करता है कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत आधार पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” के मार्ग पर तेजी से अग्रसर है।
मोदी ने दमन को “मिनी इंडिया” की संज्ञा देते हुए कहा कि यह क्षेत्र देश की विविधता का जीवंत उदाहरण है, जहां विभिन्न राज्यों के लोग एक साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जो विकास की अपेक्षाएं थीं, वे अब धरातल पर उतर रही हैं।
उन्होंने बताया कि उद्घाटित परियोजनाएं कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी तथा युवाओं के लिए नए अवसर उत्पन्न करेंगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में अस्पतालों में प्रसव की दर 90 प्रतिशत से अधिक हो गई है और मिशन इंद्रधनुष के तहत टीकाकरण कवरेज में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में वास्तविक सुधार लाना है, जिसके तहत आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
पर्यावरण दिवस के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा कि सतत विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत क्षेत्र में लगभग एक लाख पौधे लगाए जा रहे हैं तथा दमन-दीव पूरी तरह सौर ऊर्जा आधारित प्रशासनिक ढांचे की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रूफटॉप सोलर योजना से लोगों को सस्ती बिजली के साथ अतिरिक्त आय का अवसर भी मिल रहा है।
ब्लू इकोनॉमी पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि समुद्री क्षेत्र के विकास से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि नए बंदरगाहों और समुद्री ढांचे से विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि अब क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज और आधुनिक अस्पतालों की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सेवाएं मिल रही हैं।
पर्यटन को विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि “देखो अपना देश” अभियान से देश की सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा मिल रहा है और पर्यटन क्षेत्र में नए अवसर बन रहे हैं।








.jpg)






