रांची, 5 जून ।
राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के दो सदस्यों को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वे एक व्यवसायी से 50 लाख रुपये की लेवी वसूलने पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार नगड़ी थाना क्षेत्र के व्यवसायी बजरंग महतो से पीएलएफआई के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। इस मामले में पहले से ही प्राथमिकी दर्ज थी और पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर टीम ने सफायर स्कूल के पास जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी अपाचे मोटरसाइकिल से पहुंचे थे और उनके पास से संगठन से जुड़े पर्चे, मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरुण लोहरा और सूरज लोहरा के रूप में हुई है, जो खूंटी जिले के बेलवादाग गांव के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने व्यवसायी से लेवी लेने की बात स्वीकार की है।








.jpg)






