हनोई, 19 मई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वियतनाम की अपनी यात्रा के पहले दिन हनोई में वियतनाम के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री जनरल फान वान जियांग के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में दोनों मंत्रियों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर वियतनाम के एयर फोर्स ऑफिसर्स कॉलेज में 'भाषा प्रयोगशाला' का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया।
राजनाथ सिंह और वियतनामी रक्षा मंत्री ने एआई और क्वांटम प्रौद्योगिकी में सहयोग पर समझौता किया। रक्षा मंत्री ने न्हा ट्रांग स्थित टेलीकम्युनिकेशंस यूनिवर्सिटी में एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब स्थापित करने की घोषणा की। दोनों देशों ने सैन्य प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में दोनों पक्षों ने नियमित संवाद, संयुक्त अभ्यास और आदान-प्रदान कार्यक्रमों के माध्यम से रक्षा बलों के बीच सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई। इसके अलावा, भारत ने वियतनाम के रक्षा आधुनिकीकरण और क्षमता संवर्धन पहलों में सहयोग जारी रखने का संकल्प दोहराया।
जनरल फान वान जियांग ने भारत के समर्थन की सराहना की और दोनों देशों के बीच पुराने मित्रता और बढ़ती रणनीतिक साझेदारी पर प्रकाश डाला। द्विपक्षीय बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने वियतनाम के जनरल सेक्रेटरी और राष्ट्रपति टो लैम से बातचीत की और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।






.jpg)






