नई दिल्ली, 03 अप्रैल 2026।
छह दिव्यांगजनों सहित 15 सदस्यों का एक दल कल से हिमालय ट्रेकिंग के लिए रवाना होगा। यह समावेशी अभियान टिंकेश एबिलिटी फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है और दल 5,300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले चुनौतीपूर्ण रास्तों को पार करेगा। यह पहल समावेशन और सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता पर्वतारोही छोनजिन आंगमो ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दृष्टि खोने जैसी कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने ऊंचाइयों को छूने का साहस पाया और कई पर्वत पर नए रिकॉर्ड स्थापित किए। उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग की भी सराहना की।
अभियान का नेतृत्व टिंकेश कौशिक कर रहे हैं, जो ट्रिपल एम्प्यूटी होने के बावजूद मल्टी-एडवेंचर स्पोर्ट्स चैंपियन हैं। 30 वर्षीय टिंकेश ने 9 साल की उम्र में करंट लगने से दोनों पैर और एक हाथ खो दिया था। वह माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाले दुनिया के पहले ट्रिपल एम्प्यूटी हैं और लाइफ कोच के रूप में फिटनेस और साहस के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अभियान में ललित यादव और नीलेय पाटिल भी शामिल हैं, जिन्होंने सफलता के लिए समर्पण, सुव्यवस्थित योजना और प्रायोजन की अहमियत पर जोर दिया। सिडेनस्ट्रिका गौतम ने समावेशन, पहुंच और “पर्पल इकोनॉमी” की अवधारणा को रेखांकित किया।
पिछले अन्नपूर्णा बेस कैंप अभियान की सफलता के बाद, यह पहल समावेशी एडवेंचर में नए मानक स्थापित करने का लक्ष्य रखती है और दिखाती है कि सही सोच और समर्थन के साथ कोई भी शिखर अजेय नहीं है।







