भोपाल, 14 मई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए पीएमश्री एयर एम्बुलेंस योजना के तहत उन्नत स्वास्थ्य संस्थानों में भेजने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। इसी क्रम में बालाघाट जिले के चार माह के मासूम अयांश मसराम को नई जीवन की उम्मीद मिली है, जिसे तत्काल उपचार के लिए मुंबई रवाना किया गया।
कटंगी विकासखंड के ग्राम देवरी बुजुर्ग निवासी अयांश को विशेष शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गंभीर हृदय रोग के चलते तत्काल सर्जरी की आवश्यकता बताई थी, जिसके बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की। अयांश का उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पूर्णतः निःशुल्क किया जाएगा।
गुरुवार सुबह अयांश को जिला चिकित्सालय बालाघाट से एम्बुलेंस के माध्यम से गोंदिया जिले के बिरसी एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां से उसे पीएमश्री एयर एम्बुलेंस द्वारा मुंबई स्थित नारायण हृदयालय के लिए एयरलिफ्ट किया गया। पिछले दो दिनों से जिला अस्पताल के पीआईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था।
परिजनों ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस संवेदनशील पहल ने उनके बच्चे के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। यह कदम गंभीर मरीजों को समय पर उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







.jpg)





