नई दिल्ली, 12 मई।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई इंडियन प्रीमियर लीग के आचार संहिता के तहत की गई है, जिसमें न्यूनतम ओवर गति नियमों के उल्लंघन को आधार बनाया गया।
धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 11 मई 2026 को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से पराजित किया था। हालांकि इसी मैच में ओवर गति नियम का पालन न होने पर कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है।
नियमों के अनुसार यह उल्लंघन आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अंतर्गत आता है। चूंकि यह दिल्ली कैपिटल्स का इस सत्र का पहला ओवर-रेट अपराध था, इसलिए केवल कप्तान पर ही जुर्माना लगाया गया है।
मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 7 विकेट खोकर 216 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
दिल्ली की जीत में कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर की अर्धशतकीय पारियों की अहम भूमिका रही। अक्षर पटेल ने चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया, वहीं युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी ने गेंद और बल्ले दोनों से उपयोगी प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने धर्मशाला में 211 रन के लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए नया इतिहास रच दिया, जो इस मैदान पर किसी भी टीम द्वारा किया गया अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया।







.jpg)




.jpg)