जबलपुर, 02 नवंबर।
केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल सोमवार को मध्य प्रदेश के प्रवास पर जबलपुर पहुंचेंगे। यहां वे शहीद स्मारक, गोल बाजार से निकलने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में भी उनकी सहभागिता रहेगी।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकतंत्र बचाने और अराजकता हटाने के संकल्प के साथ शहर में विशाल पदयात्रा आयोजित की जा रही है। इसमें केंद्रीय मंत्री मेघवाल के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह भी शामिल होंगे।
पदयात्रा दोपहर 3 बजे शहीद स्मारक, गोल बाजार से शुरू होकर मालवीय चौक, लॉर्डगंज, बड़ा फुहारा, तुलाराम चौक और करमचंद चौक से होते हुए फिर गोल बाजार पहुंचेगी। इसमें प्रदेश और जिला स्तर के पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, व्यापारी और खेल संगठनों के पदाधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक तथा मातृशक्ति सहित लगभग एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 3:30 बजे भोपाल से विमान द्वारा डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जबलपुर में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे शाम 6:30 बजे भोपाल रवाना होंगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल शाम 6:50 बजे डुमना एयरपोर्ट से विमान द्वारा नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।















