छिंदवाड़ा, 3 नवंबर।
किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और कृषि विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को कृषि उपज मंडी प्रांगण, कुसमैली में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करेंगे और उनसे संवाद भी करेंगे।
महोत्सव में किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, नई तकनीकों और कृषि नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। कृषि वैज्ञानिक परिचर्चा और तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उपाय बताएंगे।
कार्यक्रम के लिए किसानों का पंजीयन सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और वैज्ञानिक परिचर्चा आयोजित की जाएगी। दोपहर 1 बजे अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और आमंत्रित अतिथियों के उद्बोधन होंगे।
दोपहर 2 से 3 बजे तक मुख्यमंत्री किसानों को वर्चुअल संबोधन देंगे। इस दौरान शासन की किसान हितैषी योजनाओं, कृषि विकास और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से खेती को लाभकारी बनाने संबंधी मार्गदर्शन मिलेगा।
प्रगतिशील किसान और मेधावी विद्यार्थी होंगे सम्मानितकार्यक्रम के अंतिम चरण में दोपहर 3 से 3:30 बजे तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। कृषि विभाग की प्रदर्शनी और अमल प्रदर्शन के जरिए भी किसानों को उपयोगी जानकारी दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने जिले के किसानों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। इससे किसान कृषि वैज्ञानिकों से मार्गदर्शन लेकर आधुनिक और उन्नत खेती की पद्धतियां अपनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।















