इंदौर, 04 नवंबर।
जनगणना 2027 के लिए इंदौर जिले में चल रही तैयारियों और अब तक हुए कार्यों पर जनगणना कार्य निदेशालय, भोपाल के निदेशक संजीव श्रीवास्तव ने संतोष जताया है। उन्होंने जनगणना कर्मियों के मानदेय का वितरण तय समय में पूरा करने और निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थाएं संभालने की सराहना की।
मंगलवार को इंदौर दौरे पर आए श्रीवास्तव ने कलेक्टर शिवम वर्मा और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अब तक की प्रगति का जायजा लिया और आगे किए जाने वाले कार्यों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर नवजीवन पवार ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में जिले के 41 चार्ज क्षेत्रों में कुल 5,971 मकान सूचीकरण ब्लॉक तय किए गए हैं। इनमें ग्रामीण, नगरीय और छावनी क्षेत्रों के 2,068 ब्लॉक हैं, जबकि नगर निगम क्षेत्र में 3,903 ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं।
संयुक्त संचालक योजना एवं सांख्यिकी प्रेमचंद परस्ते ने जानकारी दी कि दूसरे चरण में जिले के गणना ब्लॉकों की संख्या बढ़कर 7,847 हो जाएगी। इनमें ग्रामीण, नगरीय और छावनी क्षेत्र के 2,693 तथा नगर निगम क्षेत्र के 5,154 ब्लॉक शामिल होंगे। इस तरह पहले चरण के मुकाबले 1,876 ब्लॉक बढ़ जाएंगे।
बैठक में जनगणना के लिए जरूरी मानव संसाधन, संभावित कर्मचारियों की संख्या और मानदेय व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। इस दौरान सहायक जिला जनगणना अधिकारी अजीत श्रीवास्तव, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी शीतल पाठक, जिला योजना अधिकारी सरिता भूरिया और सहायक जनगणना अधिकारी पीयूष मेश्राम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















