अशोकनगर, 18 अप्रैल।
अशोकनगर जिले में तीन नाबालिग किशोरियों के साथ दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन और जबरन निकाह के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश और चर्चा का विषय बना हुआ है।
शनिवार को विशेष जांच दल ने कार्रवाई करते हुए भोपाल के कमला नगर क्षेत्र से जस्सी नामक किन्नर को पकड़ लिया, जबकि इस पूरे प्रकरण के मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह मामला एक संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे एक सुनियोजित साजिश काम कर रही थी। गिरफ्तार आरोपी जस्सी पर आरोप है कि उसने नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर आरोपियों से मिलवाया तथा उन्हें लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया और जबरन बुर्का पहनवाया।
पुलिस ने फरार आरोपियों पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी जस्सी को सीहोर बायपास क्षेत्र से हिरासत में लिया गया, जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है, जहां उससे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में एक अन्य नाबालिग को भी अभिरक्षा में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। जांच टीम के नेतृत्व में पुलिस भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह के कई और चेहरे सामने आ सकते हैं। अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।









