महू, 14 अप्रैल। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को उनकी जन्मस्थली डॉ. अंबेडकर नगर (महू) पहुंचकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक न्याय, समान अधिकार और संविधान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक वर्ग की भागीदारी और समानता का मार्ग ही बाबा साहब का वास्तविक सपना था।
इसके बाद जीतू पटवारी भोपाल पहुंचे, जहां आतिफ अकील द्वारा आयोजित बाबा साहब की प्रतिमा स्थापना एवं अनावरण कार्यक्रम में वे शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, भोपाल ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मानी जाएगी जब उनके बताए हुए मार्ग—सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक समानता—पर चलने का संकल्प लिया जाए।
भाजपा पर साधा निशाना
जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग संविधान को चुनौती देते हैं, वे केवल दिखावे के लिए बाबा साहब को नमन करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा को वास्तव में बाबा साहब से प्रेम है तो दलित और ओबीसी वर्ग पर अत्याचार क्यों हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के बैकलॉग पदों को एक माह के भीतर भरा जाए। उन्होंने कहा कि यही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि संविधान की रक्षा सुनिश्चित की जाए और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।









.jpg)
.jpg)

