नागरिक समस्याएँ
21 Apr, 2026

नौकरी के नाम पर ठगी, नर्स से 50 हजार रुपए ऐंठे

भोपाल में एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर नर्स से 50 हजार रुपये की ठगी की गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

भोपाल, 21 अप्रैल

राजधानी भोपाल में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एम्स भोपाल में नियुक्ति का झांसा देकर एक नर्स से 50 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। बागसेवनिया क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जानकारी के अनुसार, प्रिया राठौर (30) मूल रूप से सीहोर जिले के गंज क्षेत्र की निवासी है और वर्तमान में भोपाल के एक निजी अस्पताल में कार्यरत है। फरवरी 2025 में उसके पिता के परिचित मुकुल त्यागी ने उसकी पहचान अमर छावा से कराई थी। अमर ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए एम्स भोपाल में स्थायी नर्स की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान एक लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से 50 हजार रुपये अग्रिम के रूप में लिए गए, जबकि शेष राशि नौकरी लगने के बाद देने की बात कही गई थी। रकम प्राप्त करने के बाद आरोपियों ने लंबे समय तक पीड़िता को भरोसे में रखा, लेकिन न तो नियुक्ति से संबंधित कोई दस्तावेज दिया और न ही प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

जब पीड़िता और उसके परिजन लगातार संपर्क करते रहे, तो आरोपी टालमटोल करते रहे। अंततः परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। जांच के बाद मुकुल त्यागी और अमर छावा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है, ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़