भोपाल ,29 अप्रैल।
राजधानी भोपाल में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता सामने आई है, जहां एमपी नगर जोन-2 स्थित सागर प्लाजा में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ। तीसरी मंजिल से लिफ्ट अचानक गिरकर सीधे बेसमेंट में पहुंच गई, जिससे सात लोग घायल हो गए।
घायलों में पत्रकार सहित कई लोग शामिल हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकांश घायलों को हाथ और पैर में चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लोग एक कार्यालय से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इससे पहले भी शहर में लिफ्ट फंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर की पुरानी इमारतों में लगी लिफ्टों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई व्यावसायिक और सरकारी भवनों में लिफ्टें लंबे समय से उपयोग में हैं, लेकिन उनकी नियमित जांच और सुरक्षा मानकों पर गंभीर ध्यान नहीं दिया जाता।
फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है और प्रारंभिक रूप से ओवरलोडिंग या प्रबंधन की लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों ने सभी इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा ऑडिट को अनिवार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।









.jpg)

