नई दिल्ली, 28 अप्रैल
दिल्ली में बढ़ती भीषण गर्मी और लू की आशंका को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल ने हीट जनित बीमारियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी करते हुए विशेष ‘हीट स्ट्रोक इकाई’ को पुनः सक्रिय कर दिया है। इस इकाई में लू से प्रभावित मरीजों को तुरंत और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह इकाई न्यू इमरजेंसी भवन के भूतल पर स्थापित की गई है, जहां कुल सात बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। इनमें दो बिस्तर ईआर-1 में और पांच बिस्तर ईआर-4 में निर्धारित किए गए हैं। यहां ट्रायेज व्यवस्था के माध्यम से मरीज सीधे पहुंच सकेंगे, जिससे उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो।
हीट स्ट्रोक, हीट एक्सॉशन और डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर स्थितियों के उपचार के लिए चिकित्सा, आपात चिकित्सा, एनेस्थीसिया तथा सामुदायिक चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की समर्पित टीम तैनात की गई है। साथ ही आवश्यक दवाओं, शीतलन उपकरणों और आपात प्रबंधन की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि फिलहाल लू से संबंधित किसी भी मरीज की सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रखी गई हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे पर्याप्त मात्रा में जल का सेवन करें और तेज धूप से बचाव करें।












