प्रयागराज, 18 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इसका विरोध करने वालों से आने वाले समय में देश की महिलाएं पूरा हिसाब लेंगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह सफाया तय है, जबकि 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रभाव आधा रह जाएगा।
प्रयागराज दौरे के दौरान अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक के विरोध में मतदान कर कांग्रेस और सपा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे महिलाओं को समान अधिकार देने के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने विपक्षी दलों पर पुरुषवादी सोच से ग्रसित होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और महिला आरक्षण को लागू कर ही रहेगी।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके द्वारा महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करना और इसके पारित न होने पर उत्सव मनाना देश की महिलाओं का सीधा अपमान है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह समझ लेना चाहिए कि महिलाओं की नाराजगी आने वाले सभी चुनावों में उनके लिए भारी परिणाम लेकर आएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रयागराज नगर निगम के वार्ड 48 (आलोपी बाग) के उपचुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटें और जनता विशेषकर महिलाओं को विपक्षी दलों के रवैये के बारे में जागरूक करें।
इस कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष, गंगापार अध्यक्ष, यमुनापार अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










