भोपाल, 19 मई ।
मध्य प्रदेश में महिला सशक्तिकरण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर गठित मंत्रि-परिषद समिति की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने की।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह उपस्थित रहीं, जबकि नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं।
बैठक के दौरान महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित प्रमुख राज्य प्रवर्तित योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप इन योजनाओं की प्रासंगिकता और उनमें आवश्यक बदलावों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
समिति ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी संचालन और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।














