भोपाल, 29 मार्च। मध्यप्रदेश भाजपा ने विधानसभा चुनाव से ढाई साल पहले ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए ‘गांव-बस्ती चलो’ अभियान की घोषणा की है। यह अभियान 7 से 12 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में चलेगा।
पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, महापौर और नगर पालिका अध्यक्षों को सीधे तौर पर मैदान में उतरने और ग्रामीण जनसमूह से संवाद करने का निर्देश दिया गया है। इस अभियान में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के 50 बड़े गांवों को चिन्हित कर वहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान में नेता केवल भाषण नहीं देंगे, बल्कि गांवों में पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनका सम्मान करेंगे, बुद्धिजीवियों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क साधेंगे। सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें नेता स्वयं श्रमदान करेंगे और चौपाल लगाकर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे।
कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों से मिलकर उनके अनुभवों के वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर साझा करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि सरकारी योजनाओं के वास्तविक प्रभाव का प्रचार हो सके।
अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तर पर विशेष टोली गठित की गई है। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी को अभियान का विशेष प्रभार दिया गया है। जिला स्तर पर चार सदस्यीय समितियां बनाई जाएंगी, जिनमें 1 संयोजक और 3 सह-संयोजक शामिल होंगे।








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)