अपराध
27 Apr, 2026

चलती कार में भीषण आग, चालक ने सूझबूझ से बचाई जान

उमरिया में तेज गर्मी के बीच पनपथा–मझौली मार्ग पर चलती कार में अचानक आग लगने की घटना में चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

उमरिया, 27 अप्रैल

उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र में पनपथा–मझौली मार्ग पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलते वाहन में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में कार आग के विशाल गोले में बदल गई, हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डिहिया गांव निवासी धर्मेंद्र प्रजापति अपनी रेनॉल्ट ट्राइबर कार से शहडोल जिले के पोड़ी गांव एक रिश्तेदार को छोड़कर लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे मझौली के पास वाहन के बोनट से धुआं उठता दिखाई दिया, जिस पर उन्होंने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया।

बोनट खोलकर स्थिति देखने का प्रयास करने के दौरान ही अचानक आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई। इस दौरान चालक ने सतर्कता दिखाते हुए सड़क किनारे मौजूद लकड़ियों और लेंटाना झाड़ियों को हटाया, ताकि आग आसपास के जंगल क्षेत्र तक न फैल सके।

इंदवार थाना प्रभारी विजय सिंह पटले के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इन दिनों जिले में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिसके चलते आग लगने की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। कुछ दिन पूर्व घुनघुटी क्षेत्र में भी इसी प्रकार की कार में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद प्रशासन ने वाहन चालकों से गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़