अनूपपुर, 30 अप्रैल।
अनूपपुर कोतवाली पुलिस ने दस दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी को तेलंगाना राज्य से सकुशल बरामद कर गुरुवार को परिजनों को सौंप दिया। साथ ही शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसलाकर भगाने वाले 20 वर्षीय आरोपी गणेश सारथी को भी मौके से गिरफ्तार कर अनूपपुर लाया गया।
पुलिस के अनुसार 19 अप्रैल को किशोरी बिना बताए घर से चली गई थी, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और परिजनों से पूछताछ के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान किशोरी की लोकेशन तेलंगाना राज्य के रंगारेड्डी जिले के सादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत फारूख नगर में पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया।
विवेचना में यह भी सामने आया कि ग्राम सकरा निवासी आरोपी गणेश सारथी मजदूरी के लिए तेलंगाना गया हुआ था और वहीं उसने किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
किशोरी की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।



.jpg)


.jpg)




