भोपाल 16 अप्रैल
भोपाल नगर निगम परिषद की गुरुवार को आयोजित बैठक में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान कर दी गई, जिसमें पक्ष और विपक्ष के सभी पार्षदों ने एकमत होकर समर्थन जताया, वहीं नेता प्रतिपक्ष ने समर्थन के साथ कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।
आईएसबीटी स्थित परिषद के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई बैठक की शुरुआत महापौर मालती राय, परिषद अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी तथा नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी सहित सभी पार्षदों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
चर्चा के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के पार्षदों ने इस अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। कई महिला पार्षदों ने इसे महिलाओं को नेतृत्व और अधिकार देने वाला महत्वपूर्ण निर्णय करार दिया।
बैठक में कांग्रेस पार्षद मो. सरवर द्वारा ‘खूब लड़ी मर्दानी, वो तो झांसी वाली रानी थी’ की पंक्तियाँ प्रस्तुत किए जाने से सदन का माहौल भावुक हो गया और तालियों की गूंज सुनाई दी।
नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने अधिनियम का समर्थन करते हुए इसमें महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार तथा कौशल विकास से जुड़े प्रावधान शामिल करने का सुझाव दिया। उनके संतुलित और गरिमामय वक्तव्य की सभी ने सराहना की।
महापौर मालती राय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण केवल विषय नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, तथा हर महिला को सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलना ही वास्तविक सशक्तिकरण है।
बैठक के अंत में परिषद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।








.jpg)

.jpg)



