नर्मदापुरम, 11 अप्रैल।
नर्मदापुरम शहर के कुलामढ़ी रोड स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग भड़क उठी। घटना उस समय हुई जब दुकान का मालिक शटर बंद कर भोजन के लिए घर गया हुआ था। कुछ ही पलों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 12:20 बजे आसपास के लोगों ने बंद दुकान के कोने से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया गया। जैसे ही दमकल कर्मियों ने शटर खोला, अंदर से तेज लपटें बाहर आने लगीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
दुकान के ऊपर बने मकान में रहने वाले लोग अचानक धुएं और आग की लपटों से घबरा गए। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया, वरना नुकसान और अधिक हो सकता था। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक भारी आर्थिक क्षति हो चुकी थी। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


.jpg)








